बेगूसराय। शुक्रवार को नीतीश कुमार उर्फ रवीश कुमार का शव लेकर स्वजन व मोहल्लेवासी एसपी कार्यालय घुसकर प्रदर्शन किया। पुलिस बलपूर्वक प्रदर्शनकारियों को बाहर निकाल दिया। इसके बाद लोग कार्यालय के बाहर जमकर हंगामा किया। हत्या में शामिल तीन अपराधियों की देर रात रामदीरी से गिरफ्तारी की जानकारी दिए जाने के बाद भी आक्रोशित लोग हंगामा करते रहे। लोगों ने एसपी आफिस से पोखड़िया जाने वाली सड़क को ट्रैक्टर व लोहे के चादर रख कर यातायात बाधित कर दिया। सुबह से यातायात अवरुद्ध होने के कारण एसपी समेत कई आलाधिकारी शुक्रवार को अपने कार्यालय नहीं पहुंच सके। गौरतलब है कि गुरुवार की शाम लोहियानगर ओपी क्षेत्र के लोहियानगर गुमटी के समीप पोखड़िया निवासी शिवशंकर पासवान के पुत्र नीतीश कुमार उर्फ रवीश कुमार की हत्या कर दी गई थी। मौके पर पहुंचे एसडीओ, बीडीओ, सीओ, नगर थानाध्यक्ष :नीतीश के स्वजनों द्वारा सड़क जाम व हंगामे की सूचना पर पहुंचे नगर थानाध्यक्ष को लोगों ने खूब खरी- खोटी सुनाई। सुबह से ही सड़क जाम कर प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान सदर अस्पताल से शव लेकर पहुंचे दर्जनों की संख्या में युवाओं को देख प्रदर्शनकारी शव को लेकर एसपी आफिस में घुस गए। पुलिसकर्मियों ने बलपूर्वक शव को कार्यालय परिसर से बाहर निकाला। जिसके बाद लोग सड़क पर बैठ पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। मामला बिगड़ता देख एसडीओ संजीव कुमार चौधरी, सीओ उत्पल हिमवान व बीडीओ अभिजीत चौधरी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग मानने को राजी नहीं थे। करीब तीन घंटे आवागमन बाधित होने के बाद बीडीओ ने पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये का चेक मृतक के घर जाकर उनकी मां को सौंपा। जिसके बाद लोग शांत हुए और शव को दाह संस्कार के लिए ले जाया गया। शनिवार को हत्याकांड के खुलासे की संभावना :
हत्या के कारणों के खुलासे के संबंध में सदर डीएसपी राजन सिन्हा ने बताया कि हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम घटना के बाद से ही लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। गुरुवार की रात ही हत्या में शामिल तीन अपराधियों को मटिहानी थाना क्षेत्र के रामदीरी से दबोच लिया गया है, हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद किए जाने की बात भी कही जा रही है। लेकिन पुलिस हत्या में शामिल सभी अपराधियों को दबोचने तक गिरफ्तार बदमाशों के नाम का खुलासा करने से परहेज कर रही है।
मां के फर्द बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी :
लोहियानगर ओपी में मृतक की मां कामिनी देवी के फर्द बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी में नीतीश को फोन कर बुलाने की बात कही गई है। बयान में उक्त मोबाइल नंबर का भी जिक्र किया गया है जिससे उन्हें फोन कर लोहियानगर गुमटी के पास बुलाया गया था। पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर हत्यारों को दबोचने के लिए लगातार छापेमारी में लगी है।
Share To:

Post A Comment: