बिहार के बेगुसराय में बेलगाम और बेखौफ अपराधियों ने तांडव मचा रखा है। विगत 24 घंटों में जिले में अपराधियों ने कहर बरपा कर रखा है। 2 महिलाओं की हत्या से दहशतज़दा जिलावासी उबर भी न पाए थे कि अपराधियों ने लोहिया नगर थाने की पेट्रोलिंग व्हीकल पर ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए पुलिस वाले कि हत्या कर फरार हो गए। घटना लोहिया नगर थाना क्षेत्र के वीर कुंवर सिंह चौक के समीप की है। मृतक होमगार्ड की पहचान मंझौल थाना क्षेत्र के निवासी राजवर्धन रंजन उर्फ पिंटू कुमार के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बेगुसराय के लोहिया नगर थाने की पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान जब पन्हास की ओर जा रही था, तभी अचानक वीर कुंवर सिंह चौक के पास एक बाइक सवार तीन की संख्या में रहे अपराधियों ने दुःसाहस का चरम पार करते हुए पुलिस की जीप पर ताबड़तोड गोलीबारी शुरु कर दी। जबतक पुलिसवाले संभल पाते या कुछ समझ पाते जीप की पिछली सीट पर मौजूद होमगार्ड जवान राजवर्धन रंजन उर्फ पिंटू को गोली लग गई और तड़पते हुए मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
ख़ाकीवाले की हत्या के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कथित तौर पर काण्ड में शामिल एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधी के पास से पुलिस ने एक कट्टा भी बरामद किया है।
वही, दूसरी तरफ ड्यूटी के दौरान ख़ाकीवाले पर गोलियों की बौछार कर मौत की नींद सुलाने की घटना की जानकारी के बाद से पटना स्थित पुलिस मुख्यालय से लेकर महकमे में खलबली मच गई है। होमगार्ड जवान की मौत के बाद जिला पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है। वहीं, दूसरी तरफ शहीद हुए होमगार्ड के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।


Post A Comment: