पटना: आईआईटी दिल्ली ने ग्रेजुएट एप्टिट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग यानी Gate के नतीजे घोषित कर दिए हैं. गेट (GATE) परीक्षा के नतीजों में पटना के एनआईटी के छात्र आभास राय ने शानदार सफलता हासिल की है.
आभास ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग ट्रेड में पूरे भारत में पहला स्थान पाया है. आभास 87.33 फीसदी अंकों के साथ फर्स्ट रैंक पर आए हैं. ये परीक्षा 100 अंकों की होती है. आपको बता दें कि आभास उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रहने वाले हैं.
मीडिया से बातचीत में आभास ने कहा, मैं बचपन से ही पीएसयू में जॉब करना चाहता था. अब भगवान की कृपा और माता पिता के आशीर्वाद से ये सपना पूरा होता दिख रहा है. आभास अब ओएनजीसी या आईओसीएल की जॉब के लिए प्रयास करेंगे.
आभास एनआईटी पटना में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में चौथे साल के छात्र हैं और फिलहाल हैदराबाद में हैं. आभास का कहना है कि उनकी सफलता में एनआईटी पटना का बहुत बड़ा योगदान है.
आपको बता दें कि इस बार GATE की परीक्षा फरवरी के महीने में हुई थी जिसमें 6 लाख 85 हजार छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे. पीएसयू सेक्टर में जॉब के लिए और बीटेक के बाद पोस्ट ग्रेजुएशन प्रोग्राम में दाखिले के लिए गेट के स्कोर कार्ड का इस्तेमाल किया जाता है. आपको साथ ही बता दें कि एनआईटी पटना की गिनती काफी अच्छे संस्थानों में होती है और नीतीश कुमार जैसे दिग्गज यहां के छात्र रह चुके हैं.


Post A Comment: