पटना। ट्रेनों में यात्रा अब और सुरक्षित होगी। यात्रियों की सुरक्षा के लिए अब रेलवे की ओर से 7000 ट्रेनों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। अबतक 2136 बोगियों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। देश के 522 प्रमुख स्टेशनों पर भी इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी सिस्टम के तहत सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उक्त जानकारी रेलवे सुरक्षा बल के महानिदेशक अरुण कुमार ने राजधानी में बुधवार को दी। वे संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे।
अरुण ने कहा कि ट्रेनों में लगाए गए कैमरे को वाईफाई से जोड़ा जाएगा। निगरानी के लिए सभी प्रमुख स्टेशन व मंडल मुख्यालयों में कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे। यहां से इनकी मॉनीटरिग होगी। रनिंग ट्रेनों में चोरी के साथ ही अटैची लेकर भागने की घटनाओं में कमी आएगी।
कुमार ने कहा कि आरपीएफ की सख्ती के कारण रिजर्वेशन टिकटो की दलाली में काफी कमी आई है। आरपीएफ की साइबर सेल की मदद से आइआरसीटीसी की वेबसाइट को हैककर आरक्षित टिकट बुकिंग करने वाले गैंग के सरगना मो. मुस्तफा को गिरफ्तार कर उसके पूरे सिस्टम को ध्वस्त कर दिया गया है। पहले जहां चार से 10 सेकेंड के अंदर तत्काल टिकटों की बुकिंग समाप्त हो जाती थी, जो अब देर तक चलते रहता है। देश के सभी जोन में संगठित टीम टिकट दलालों के खिलाफ छापेमारी कर रही है। अबतक आइआरसीटीसी के 700 से अधिक एजेंट काली सूची में डाले गए हैं। महानिदेशक ने कहा कि पूरे देश में 13000 ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। 2200 ट्रेनों को आरपीएफ एस्कॉर्ट कर रही है। 2200 ट्रेनों में जीआरपी एस्कॉर्ट कर रही है।
नक्सली क्षेत्रों में लगाए गए कोरस के जवान : कमांडोज फॉर रेलवे सेफ्टी (कोरस) का गठन नक्सली व आतंकी क्षेत्रों में ट्रेनों व यात्रियों की सुरक्षा के लिए किया गया है। कोरस के 10 बटालियन छत्तीसगढ़, जम्मू एवं झारखंड के नक्सली व आतंकी क्षेत्रों से गुजरने वाली ट्रेनों में तैनात किए गए हैं। कोरस हर मुसीबत का सामना करने में सक्षम है। इन्हें एनएसजी अकादमी में कमांडो का प्रशिक्षण दिया गया है। अबतक 14 बटालियन को प्रशिक्षित किया जा चुका है। बिहार के भी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से गुजरने वाली ट्रेनों के एस्कार्ट में शीघ्र ही कोरस के जवानों को लगाया जाएगा।


Post A Comment: